दिल्ली के न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज

Ads

दिल्ली के न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 01:03 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 01:03 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मौसम विभाग द्वारा हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के पूर्वानुमान के बीच शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है लेकिन एक दिन पहले की तुलना में इसमें 2.1 डिग्री की वृद्धि हुई है।

राष्ट्रीय राजधानी के अन्य मौसम केंद्रों पर भी शनिवार को न्यूनतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

पालम में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं, लोधी रोड में यह 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार की तुलना में 2.4 डिग्री अधिक है।

इसके अलावा, रिज में यह 26.8 डिग्री और आयानगर में 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार तड़के दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत कम मात्रा की बारिश रिकार्ड की गई।

आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘अपराह्न और शाम के समय गरज, चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।’

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है।

विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है और इसके 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 119 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन