कोलकाता, 25 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के हावड़ा में बुधवार तड़के एक रियल एस्टेट डेवलपर की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना शहर के पिलखाना इलाके में सेकंड बाय लेन स्थित चाय की एक दुकान पर सुबह करीब 4:10 बजे घटी, जो सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के कथित फुटेज में हमलावरों द्वारा सिर और सीने में गोली मारे जाने के बाद व्यक्ति को गिरते हुए देखा जा सकता है। पीटीआई-भाषा फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।
पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय शफीक खान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि हत्या किसी पुरानी रंजीश का नतीजा हो सकती है।
खान के परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे बड़ी रकम की मांग की थी।
स्थानीय लोगों का दावा है कि लगभग दो महीने पहले भी इसी इलाके में गोलीबारी की ऐसी ही घटना हुई थी, लेकिन उसमें कोई हताहत नहीं हुआ था।
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा