आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बिजली संकट के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया

Ads

आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बिजली संकट के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 12:16 AM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 12:16 AM IST

चंडीगढ़, 13 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि पिछले चार-पांच दिनों से पंजाब में जो बिजली संकट है, वह केंद्र सरकार के ‘नकारात्मक रवैये और राज्य को उसका वाजिब हिस्सा न देने उसकी नीति’ का नतीजा है।

धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और विद्युत कंपनी के अधिकारियों की कोशिशों से पंजाब इस संकट से पूरी तरह उबर गया।

‘आप’ की प्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता धालीवाल ने कहा कि यह समस्या तलवंडी साबो और नाभा में निजी ताप विद्युत संयंत्रों में तकनीकी खराबी के कारण पैदा हुई थी, जिसे अब पूरी तरह ठीक कर लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘रविवार सुबह छह बजे से पंजाब में खेती, उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं को बिना किसी कटौती के लगातार बिजली दी जा रही है।’’

केंद्र की भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब भी किसी राज्य के सामने कोई तकनीकी संकट आता है, तो केंद्र का फर्ज है कि वह उसकी मदद करे।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे मुश्किल समय में केंद्र सरकार ने पंजाब का साथ छोड़ दिया। केंद्रीय पूल से पंजाब को मिलने वाली 1,051 मेगावाट बिजली रोक दी गई। पंजाब के बिजली मंत्री और अधिकारियों के बार-बार संपर्क करने और चिट्ठी लिखने के बावजूद, केंद्र ने कोई मदद नहीं की।’’

भाषा राजकुमार देवेंद्र

देवेंद्र