जमशेदपुर, 13 सितंबर (भाषा) झारखंड के जमशेदपुर में 31 अगस्त को एक बुजुर्ग महिला के घर में हुई डकैती के सिलसिले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) ललित मीणा ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार किए गए चार लोगों की पहचान जुगसलाई निवासी तबस्सुम खातून, सिदगोड़ा निवासी अभिषेक दास, बिरसानगर निवासी राकेश बहादुर और डिमना रोड (मानगो) निवासी समरेश पॉल के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया, ‘आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर हमने 20 ग्राम पिघला हुआ सोना बरामद किया है।’
पुलिस ने बताया कि 31 अगस्त को आरोपियों ने महिला के घर में प्रवेश करने के लिए खुद को मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) करने के कार्य में जुटे कर्मी बताया और फिर उसे बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी राकेश बहादुर के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत आरोपों समेत कुल चार मामले दर्ज हैं, जबकि अभिषेक के खिलाफ एक और समरेश के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।
भाषा सुमित देवेंद्र
देवेंद्र