देवेंद्र फडणवीस ने द्रमुक ‘कुशासन’ की आलोचना की, उन्हें तमिलनाडु में राजग सरकार बनने का है विश्वास
देवेंद्र फडणवीस ने द्रमुक ‘कुशासन’ की आलोचना की, उन्हें तमिलनाडु में राजग सरकार बनने का है विश्वास
(तस्वीर के साथ)
मदुरै (तमिलनाडु), छह अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में बदलाव की बयार बह रही है और ‘भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी एवं तमिलनाडु की सदियों पुरानी परंपरा की विरोधी’ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के सहयोगियों के नेतृत्व में राजग राज्य में सरकार बनाएगा।
फडणवीस ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘लोगों ने द्रमुक का कुशासन देख लिया है। द्रमुक मंत्रिमंडल के लगभग 75 प्रतिशत सदस्यों पर आपराधिक आरोप हैं और वे घोर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। राज्य की हालत बदतर होती जा रही है। महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं।’’
उन्होंने द्रमुक की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में बाल यौन शोषण के मामलों की संख्या दोगुनी हो गई है, मादक पदार्थों का खतरा बढ़ रहा है तथा लोगों को ‘द्रमुक और इन अपराधियों के बीच मिलीभगत’ नजर आ रही है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसीलिए मुझे लगता है कि लोग राजग को सत्ता में लाकर द्रमुक को जवाब देंगे।’’
वह मोदी की ‘डबल इंजन’ सरकार वाली टिप्पणी को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन द्वारा ‘डब्बा इंजन’ कहकर आलोचना किये जाने पर जवाब दे रहे थे।
फडणवीस के अनुसार, द्रमुक शासन में जनता भारी कर्ज के बोझ तले दबी हुई है, जो 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है और जीडीपी अनुपात में कर्ज 33 प्रतिशत से भी ऊपर पहुंच गया है, जिससे राज्य‘ कर्ज के जाल’ में फंस गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह द्रमुक सरकार का कुशासन है।’’
द्रमुक द्वारा त्रि-भाषा नीति के विरोध किये जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘हम सभी एक हैं। हमें अपनी भाषा पर गर्व होना चाहिए और साथ ही साथ अपने देश की अन्य भाषाओं का भी सम्मान करना चाहिए।’’
कार्तिकई दीपम विवाद पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह (दीपक जलाने की) परंपरा बहुत पुरानी है और नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद शुरू नहीं हुई है। द्रमुक इसे क्यों रोकना चाहती है? द्रमुक सिर्फ वोट बैंक की राजनीति खेल रही है। जनता चुनाव परिणामों में द्रमुक को इसका जवाब देगी।’’
इससे पहले वह यहां श्री मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर गये।
वह मदुरै दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामा श्रीनिवासन के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान उनके साथ गये।
तमिलनाडु की 234-सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को चुनाव होंगे तथा मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश

Facebook


