देहरादून, 25 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार में मंगलवार को उफनाई गंगा नदी में बहकर उत्तर प्रदेश का एक श्रद्धालु लापता हो गया। इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना हरिद्वार में भूपतवाला के पास चित्रकूट घाट पर शाम के समय हुई। बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र के रहने वाले श्याम (52) गंगा में स्नान करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका था।
इस बीच, प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश हुई। चकराता में सबसे अधिक 43 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा धनोल्टी में 35 मिमी, रिखणीखाल में 33.5 मिमी, बस्तिया में 31 मिमी, नैनीडांडा में 27 मिमी, पौड़ी में 25 मिमी, चल्थी में 23 मिमी और काशीपुर में 18 मिलीमीटर बारिश हुई।
देहरादून के मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर संबंधित जिला प्रशासनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा
दीप्ति रवि कांत