नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) लैपटॉप खरीदने वाले 87 प्रतिशत उपभोक्ताओं के लिए प्रोसेसर का प्रदर्शन सबसे अहम कारक है, जबकि 74 प्रतिशत टैबलेट खरीदार डिस्प्ले की गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हैं। अमेजन की ओर से मंगलवार को जारी ‘बेस्ट इन टेक’ सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई।
यह सर्वेक्षण 40,000 से अधिक लोगों की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है। इसके निष्कर्षों से पता चलता है कि कंप्यूटिंग उपकरण खरीदने वाले उपभोक्ताओं की प्राथमिकताएं अब ज्यादा तकनीकी विशिष्टताओं पर केंद्रित हो रही हैं। साथ ही, कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े फीचर को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है।
सर्वेक्षण के मुताबिक, कंप्यूटिंग श्रेणी में एआई को लेकर सबसे अधिक उत्साह देखा गया और 58 प्रतिशत लैपटॉप खरीदारों ने कहा कि आने वाले एआई फीचर उत्पादकता बढ़ाने के लिहाज से ‘बेहद उपयोगी’ होंगे।
सर्वेक्षण के नतीजे संकेत देते हैं कि उपभोक्ता अब केवल कीमत और ब्रांड जैसे पारंपरिक मानकों के बजाय उपकरण के प्रदर्शन, डिस्प्ले और एआई जैसी उन्नत तकनीकी क्षमताओं को भी खरीदारी के फैसले में महत्वपूर्ण स्थान दे रहे हैं।
भाषा
यासिर अजय
अजय