इंफाल, छह जून (भाषा) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर इस पूर्वोत्तर राज्य में उग्रवाद को समाप्त करने और शांति बहाल करने के लिए केंद्रीय बल की व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की।
यह बैठक शुक्रवार को कांगपोकपी जिले में सशस्त्र हमलावरों के हमले में एक महिला समेत तीन लोगों की हत्या के कुछ घंटों बाद की गई।
सीआरपीएफ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चर्चा का केंद्र परिचालन तैयारियों को मजबूत करना, रणनीतिक योजना बनाना तथा मणिपुर में उग्रवाद का खात्मा कर स्थायी शांति बहाल करने के लिए सीआरपीएफ की व्यापक कार्ययोजना रहा।’’
सीआरपीएफ महानिदेशक बृहस्पतिवार से राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच हुई हिंसा में कम से कम 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।
लोक भवन, इंफाल ने एक अलग बयान में कहा कि सीआरपीएफ अधिकारियों ने राज्यपाल को राज्य की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में लागू किए जा रहे सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
बयान में कहा गया कि नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा उभरती चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि कांगपोकपी में तीन लोगों की हत्या के मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे जिले के सैतू-गामफाजोल उपमंडल के लोइबोल खुल्लेन गांव में हुए हमले के दौरान आगजनी में कम से कम सात घर भी जलकर खाक हो गए।
भाषा गोला वैभव
वैभव