दिल्ली में प्रिंस तेवतिया गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में प्रिंस तेवतिया गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 11:06 AM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 11:06 AM IST

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार इलाके में हुई एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने प्रिंस तेवतिया गिरोह के तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस गोलीबारी में दो आरोपी घायल भी हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, ये आरोपी लाडो सराय में जबरन वसूली से जुड़ी गोलीबारी की एक हालिया घटना के सिलसिले में वांछित थे, जहां एक व्यवसायी को डराने और उससे पैसे वसूलने के लिए उसके आवास पर कथित रूप से 11 से अधिक बार गोलियां चलाई गई थीं।

पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने पुष्प विहार इलाके में जाल बिछाया था। इस दौरान जब मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर करीब छह बार गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपियों की पहचान राकेश और सोनू के रूप में हुई है, जबकि तीसरे आरोपी का नाम भरत बताया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने हेड कांस्टेबल संदीप और अरविंद पर भी गोली चलाई, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।

उन्होंने बताया कि घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव