धर्मस्थल मामला: शिकायतकर्ता के साथ विभिन्न स्थानों पर गई एसआईटी, महत्वपूर्ण ‘साक्ष्य’ जुटाए
धर्मस्थल मामला: शिकायतकर्ता के साथ विभिन्न स्थानों पर गई एसआईटी, महत्वपूर्ण ‘साक्ष्य’ जुटाए
बेंगलुरु/मंगलुरु, 31 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के धर्मस्थल में कई महिलाओं की हत्या, दुष्कर्म और शवों को दफनाने के मामले की जांच कर रहा विशेष जांच दल (एसआईटी) गिरफ्तार शिकायतकर्ता को बेंगलुरु ले गया और कई ‘महत्वपूर्ण साक्ष्य’ बरामद किए। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति को शनिवार को दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलथांगडी से बेंगलुरु लाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी सीएन चिन्नैया को बेंगलुरु में मामले से जुड़े विभिन्न स्थानों पर मौके का निरीक्षण करने के लिए ले गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जांचकर्ताओं ने कई दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य सबूत इकट्ठा किये तथा इनसे गवाहों के बयानों व समय-सीमा की पुष्टि में मदद मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि एसआईटी ने बैंक लेनदेन, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों और अभियुक्तों से जुड़े संचार रिकॉर्ड की भी जांच की है।
सूत्रों के अनुसार, चिन्नैया ने जांच में सहयोग किया और उन विशिष्ट स्थानों पर ले गया, जहां उसने दावा किया था कि कुछ लोगों का उससे मिलना-जुलना हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक, टीम ने विवरण दर्ज कर लिये, जिनका एसआईटी के पास पहले से मौजूद फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों से मिलान किया जाएगा।
यह कार्रवाई बेंगलुरु में विभिन्न स्थानों पर की गयी, जिनमें वे स्थान भी शामिल हैं जहां चिन्नैया ठहरा था और अपने करीबी लोगों से बातचीत किया करता था।
सूत्रों ने बताया कि जांच के सिलसिले में एसआईटी विद्यारण्यपुरा स्थित एक सर्विस अपार्टमेंट में गई, जहां चिन्नैया और उनके अन्य सहयोगियों के बीच बातचीत हुई थी।
एसआईटी के अधिकारी और चिन्नैया रविवार को बेलथांगडी लौट आए।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि चिन्नैया को मामले के संबंध में पूछताछ के लिए हिरासत में रहना होगा और प्राप्त सुरागों के आधार पर अन्य स्थानों पर तलाशी ली जा सकती है।
एसआईटी द्वारा अगले सप्ताह अदालत के समक्ष विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत किये जाने की उम्मीद है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


