दीया मिर्जा, ताहिरा कश्यप ने इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आउंगा’ की सराहना की
दीया मिर्जा, ताहिरा कश्यप ने इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आउंगा’ की सराहना की
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) अभिनेत्री दिया मिर्जा और लेखिका-निर्देशक ताहिरा कश्यप ने फिल्मकार इम्तियाज अली की नई फिल्म ‘मैं वापस आउंगा’ की सराहना करते हुए इसे एक ‘‘सशक्त सिनेमाई अनुभव’’ बताया है।
फिल्म ‘मैं वापस आउंगा’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। उसमें अभिनेता दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
यह दशकों तक फैली एक प्रेम कथा है, जो ऐसे प्रेम की यादों के माध्यम से अतीत और वर्तमान को जोड़ती है जिसे समय भी मिटा नहीं सका। इसकी कहानी विभाजन-कालीन पलायन की पृष्ठभूमि में रची गई है।
मिर्जा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म और इसकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह लंबे समय बाद देखी गई सबसे मार्मिक, प्रभावशाली और शक्तिशाली प्रेम कहानियों में से एक है। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के अभिनय की विशेष प्रशंसा की और कहा कि दिलजीत, वेदांग तथा शरवरी ने हर पल को सच्चाई के साथ पर्दे पर उतारा है।
कश्यप ने भी सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि यदि प्रेम की कोई भाषा होती तो वह यह फिल्म होती। उन्होंने कहा कि फिल्म का हर दृश्य जीवंत महसूस होता है और इसे देखते समय भावनाएं लगातार उमड़ती रहती हैं।
उन्होंने नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी के अभिनय की सराहना की।
कश्यप ने संगीतकार ए आर रहमान के संगीत को फिल्म की आत्मा बताते हुए कहा कि यह प्रेम, यौवन, रोमांस और विरह की भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से उभारता है।
फिल्म का निर्माण ‘बिरला स्टूडियोज’ और ‘अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट’ ने ‘विंडो सीट फिल्म्स’ के सहयोग से किया है।
भाषा
राखी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


