प्रभावी पुलिसिंग के लिए डिजिटल ढांचे को मजबूत किया जाएगा : प्रियंक खरगे

Ads

प्रभावी पुलिसिंग के लिए डिजिटल ढांचे को मजबूत किया जाएगा : प्रियंक खरगे

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 01:26 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 01:26 PM IST

बेंगलुरु, 20 जून (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा है कि राज्य सरकार समूचे कर्नाटक में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और अधिक प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे, खुफिया प्रणाली और संस्थागत क्षमता को मजबूत करना जारी रखेगी।

गृह मंत्री ने यह टिप्पणी बेंगलुरु में ‘अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), संचार, रसद और आधुनिकीकरण’ के कार्यालय का दौरा करने और प्रमुख पुलिसिंग व तकनीकी प्रणालियों की समीक्षा करने के बाद की।

खरगे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आधुनिक पुलिस व्यवस्था के लिए आधुनिक तकनीक आवश्यक है। हम समूचे कर्नाटक में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और अधिक प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे, खुफिया प्रणाली और संस्थागत क्षमता को मजबूत करना जारी रखेंगे।’

कांग्रेस नेता ने साइबर धोखाधड़ी से निपटने के लिए प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने के उपायों की भी समीक्षा की, जिनमें लियन मार्किंग की प्रक्रिया को तेज करना, बैंकों के साथ अधिक समन्वय, कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण और डिजिटल मंच के अधिक उपयोग जैसे कदम शामिल हैं।

लियन मार्किंग बैंकिंग या वित्तीय प्रणाली से जुड़ी एक प्रक्रिया है, जिसमें किसी खाते में मौजूद धन पर कानूनी या प्रशासनिक रोक लगा दी जाती है।

गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य के व्यापक पुलिस आधुनिकीकरण कार्यक्रम के हिस्से के रूप में डिजिटल वायरलेस नेटवर्क का विस्तार करने, पुलिस आईटी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और फोरेंसिक क्षमताओं को बढ़ाने के प्रयासों की समीक्षा की।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन