मथुरा जिला जेल में एक कैदी ने आत्महत्या की

Ads

मथुरा जिला जेल में एक कैदी ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 04:50 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 04:50 PM IST

मथुरा (उप्र), 26 मार्च (भाषा) मथुरा जिला जेल में बुधवार देर रात 57 वर्षीय एक कैदी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जेल अधीक्षक अंशुमान गर्ग ने कहा कि इस कैदी की पहचान सुरेश के रूप में हुई तथा यह घटना बुधवार रात करीब दो बजे हुई ।

उन्होंने कहा कि चूंकि रात में कैदियों को बैरक में बंद कर दिया जाता है, इसलिए उनके बीच से एक व्यक्ति को चौकीदार नियुक्त किया जाता है जबकि गार्ड बाहर तैनात रहते हैं।

गर्ग ने कहा, ‘‘ सुरेश शौचालय गया। जब करीब 10 मिनट तक वह नहीं लौटा तो बैरक का चौकीदार जांच करने गया और पाया कि उसने फांसी लगा ली है।’’

उन्होंने कहा कि चौकीदार ने तुरंत ड्यूटी पर तैनात आरक्षी को यह बात बतायी जिसने अन्य अधिकारियों को सूचित किया।

जेल अधीक्षक ने कहा कि सुरेश की उस समय सांस चल रही थी, ऐसे में उसे जेल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

गर्ग ने बताया कि बाद में जिला अस्पताल में सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया।

जेल प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि सुरेश अपने मामले की कार्यवाही में देरी के कारण तनाव में था।

अधीक्षक ने कहा, ‘‘24 मार्च को उच्च न्यायालय में उसकी सुनवाई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई, जिससे उसे चिंता हुई। उसने पिछले साल तीन-चार वकील भी बदले थे।’’

अधिकारियों ने कहा कि सुरेश ने बुधवार सुबह अपने पिता से बात की थी और उनसे बार-बार एक वकील की व्यवस्था करने का अनुरोध किया था जो मामले में प्रभावी ढंग से पैरवी कर सके।

गर्ग ने कहा,‘‘प्रथम दृष्टया, वह जमानत नहीं मिलने से निराश लग रहा था। विस्तृत जांच की जा रही है।’’

जेल रिकॉर्ड के अनुसार, सुरेश गोवर्धन थाने में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मामले में 27 मई, 2025 से मथुरा जेल में बंद था।

भाषा सं जफर

राजकुमार

राजकुमार