डीजेबी भ्रष्टाचार मामला : अदालत ने दो आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजा

डीजेबी भ्रष्टाचार मामला : अदालत ने दो आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजा

डीजेबी भ्रष्टाचार मामला : अदालत ने दो आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजा
Modified Date: August 29, 2026 / 05:27 pm IST
Published Date: August 29, 2026 5:27 pm IST

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार इसके पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) उदित प्रकाश राय और एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र यादव को शनिवार को दो दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

विशेष न्यायाधीश दिग्विनय सिंह ने भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी)की उस अर्जी को मंजूरी दे दी, जिसमें दोनों आरोपियों की हिरासत देने का अनुरोध किया गया था।

मामले की सुनवाई के दौरान एसीबी ने कहा कि उसे इस मामले से जुड़े ‘हवाला लेन-देन’ के बारे में आरोपियों से पूछताछ करनी है। उसने दावा किया कि आरोपी ब्यूरो के साथ सहयोग नहीं कर रहे हैं।

बचाव पक्ष ने हालांकि एसीबी की अर्जी का विरोध किया।

अदालत ने 19 अगस्त को इस मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और चार अन्य लोगों को तीन सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उसी दिन, डीजेबी के पूर्व निविदा परामर्शदाता अंकित श्रीवास्तव को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।

अदालत ने बाद में श्रीवास्तव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इस मामले में अन्य आरोपी राजा कुमार कुर्रा और पंकज वर्मा हैं।

यह मामला यूरोटेक एनवायरनमेंटल प्राइवेट लिमिटेड को दिए गए एक ठेके से जुड़ा है, जो तब दिया गया था, जब जैन दिल्ली के जल मंत्री थे।

भाषा

धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में