महिलाओं व कनिमोई के खिलाफ पलानीस्वामी की ‘अपमानजनक’ टिप्पणियों को लेकर द्रमुक का हमला
महिलाओं व कनिमोई के खिलाफ पलानीस्वामी की ‘अपमानजनक’ टिप्पणियों को लेकर द्रमुक का हमला
चेन्नई, 10 अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव ई.के. पलानीस्वामी पर पार्टी की उप महासचिव कनिमोई करुणानिधि के खिलाफ “बेहद अपमानजनक” और “घटिया” टिप्पणी करने के लिए शुक्रवार को हमला बोला।
द्रमुक की नेता एवं सांसद तामिझाची थंगापांडियन और कनिमोई सोमू ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पलानीस्वामी की हालिया टिप्पणियां “हार के डर की पराकाष्ठा” को दर्शाती हैं और विपक्ष के नेता को आगामी चुनावों में तीसरे स्थान पर रहने का डर सता रहा है।
हालिया चुनाव प्रचार के दौरान पलानीस्वामी ने कहा था कि यदि सांसद कनिमोई “मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पर भरोसा करती रहीं तो उन्हें फिर से तिहाड़ जेल जाना पड़ेगा,” जो 2011 में 2जी स्पेक्ट्रम मामले में उनकी गिरफ्तारी का संदर्भ था।
अन्नाद्रमुक नेता ने यह भी कहा कि पार्टी में उनके पास निर्णय लेने की ताकत नहीं है और “कोई जिम्मेदारी नहीं होने के बावजूद” वह “बहुत बोलती रहती हैं।”
सोमू और थंगापांडियन ने आरोप लगाया कि इस तरह के व्यक्तिगत हमले अन्नाद्रमुक की आदत बन गए हैं। उन्होंने सी. वी. षणमुगम और डिंडीगुल श्रीनिवासन जैसे नेताओं द्वारा महिलाओं पर कथित अपमानजनक टिप्पणियों के पुराने उदाहरण भी गिनाए।
कनिमोई सोमू ने कहा, “एक महिला की गरिमा का ध्यान रखे बिना उन्होंने (पलानीस्वामी) हमारी नेता का अपमान किया है, जो उनके अपने आत्मसम्मान की कमी को दर्शाता है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी मांगने को कहा।
द्रमुक नेताओं ने कहा कि पार्टी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है, जिसमें मानहानि का मुकदमा दायर करना और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराना शामिल है।
थंगापांडियन ने कहा, “शिकायत और मानहानि का मुकदमा दायर करने पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व वरिष्ठ कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श के बाद करेगा।”
भाषा
खारी अविनाश
अविनाश

Facebook


