पुडुकोट्टई (तमिलनाडु), सात जून (भाषा) कांग्रेस के साथ भविष्य में किसी भी तरह के सुलह की संभावना को खारिज करते हुए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता आर एस भारती ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और गठबंधन से पार्टी के बाहर निकलने की तुलना ‘‘व्यभिचार’’ से करते हुए कहा कि द्रविड़ पार्टी दलबदलुओं का कभी स्वागत नहीं करेगी।
भारती ने कहा, ‘‘हम ऐसे किसी गठबंधन में नहीं रहेंगे जिसमें कांग्रेस शामिल हो। मैं यह स्पष्ट कर रहा हूं।’’
उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनावी चुनौती देते हुए कहा कि वे आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में एक भी महापौर सीट जीतकर दिखाएं। उन्होंने जनवरी में ही चुनाव कराने की मांग की।’’
भारती ने पूछा, ‘‘स्थानीय निकाय चुनाव में लोग केवल योग्य उम्मीदवारों को ही वोट देते हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं: चुनाव छह महीने में कराए जाएं। मान लीजिए अगर चुनाव जनवरी में हों और आप महापौर का एक भी पद जीत सकें तो मैं आपकी ताकत स्वीकार कर लूंगा। क्या अन्नामलाई और अन्य लोग इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं?’’
कांग्रेस नेता मणिक्कम टैगोर द्वारा द्रमुक के प्रदर्शन और गठबंधन के समीकरण पर की गई आलोचनात्मक टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर भारती ने टैगोर को पहले अपनी जीत पर आत्मचिंतन करने की सलाह दी।
द्रमुक नेता ने कहा कि कुछ अलगाव आपसी सहमति से होते हैं, लेकिन यह अलगाव ऐसा है जैसे कोई किसी के साथ रहते हुए अन्य के साथ ‘‘अनैतिक संबंध’’ में लिप्त हो।
भारती ने कहा, ‘‘कोई भी धोखा देने वाली पत्नी के साथ नहीं रहता। उनके (कांग्रेस के) साथ अब कोई राजनीतिक संबंध या रिश्ता नहीं रह गया। भले ही द्रमुक नेतृत्व कुछ और फैसला ले, जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस को कभी भी वापस अपने साथ स्वीकार नहीं करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य के बावजूद द्रमुक वैचारिक रूप से अडिग है और उन्होंने भविष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करने की संभावना को पूरी तरह से खारिज किया।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव