डॉक्टर की हत्या की कोशिश नाकाम, दो शूटर गिरफ्तार

Ads

डॉक्टर की हत्या की कोशिश नाकाम, दो शूटर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 12:26 AM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 12:26 AM IST

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) बाहरी दिल्ली में पुलिस के साथ मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गिरोह के कथित दो शूटर को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया।

पुलिस ने शुक्रवार को दावा किया कि आरोपी रंगदारी को लेकर एक डॉक्टर की कथित रूप से हत्या करने जा रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर बक्करवाला इलाके में शाम करीब 5.45 बजे एक काले रंग की एसयूवी को रोका गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के रोहतक निवासी 19-वर्षीय समीर और किशोर ने रुकने का संकेत दिए जाने के बाद कथित तौर पर भागने की कोशिश की। उनकी एसयूवी एक पिकअप वैन से टकरा गई, जिसके बाद उन्होंने पीछा कर रही पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों संदिग्धों के पैरों में गोली लगी और उन्हें पकड़ लिया गया। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान समीर ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि हिमांशु भाऊ ने एक ऐप के जरिए उससे संपर्क किया था और डॉक्टर की हत्या करने का काम सौंपा था, क्योंकि उसने रंगदारी देने से इनकार कर दिया था।”

पुलिस ने बताया कि समीर ने खुलासा किया कि उसने और किशोर ने 19 अगस्त को डॉक्टर की पहचान कर ली थी और हत्या को अंजाम देने के लिए एक कार किराये पर ली थी।

अधिकारी ने बताया कि दोनों के पास से एक ग्लॉक अर्द्ध-स्वचालित पिस्तौल, एक मैगजीन और छह गोलियां बरामद की गईं।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश