कोझिकोड (केरल), 30 मार्च (भाषा) समस्त केरल जमीयतुल उलेमा के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद जिफरी मुथुकोया थंगल ने नेताओं से आग्रह किया है कि वे ऐसे अनावश्यक बयान देने से बचें, जिनसे संगठन राजनीतिक विवादों में घिर जाए।
‘समस्त के नेता मुक्कम उमर फैजी ने हाल ही में, विधानसभा चुनाव में सामान्य सीट से महिला उम्मीदवारों को टिकट देने के लिए इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की आलोचना की थी, जिसके बाद थंगल ने यह टिप्पण की है।
रविवार को जारी बयान में थंगल ने कहा कि हर चुनाव में उम्मीदवारों का चयन संबंधित पार्टी नेतृत्व का अधिकार होता है और उसे इसके फायदे-नुकसान का आकलन स्वयं करना चाहिए।
उन्होंने जिम्मेदार लोगों को ऐसे बयान देने से बचने की सलाह दी।
थंगल ने कहा, “ऐसे मामलों पर धार्मिक संगठनों और राजनीतिक दलों के विचार अलग-अलग हो सकते हैं।”
इससे पहले, फैजी ने एक समाचार चैनल से कहा था कि महिला उम्मीदवारों को केवल उनके लिए सुरक्षित सीटों से ही चुनाव लड़ना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि जब महिलाओं के लिए आरक्षण बढ़ाने का मुद्दा उठा था, तब आईयूएमएल ने ‘समस्त’ से राय मांगी थी।
फैजी के अनुसार, ‘समस्त’ ने स्पष्ट किया था कि महिलाओं को सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है, लेकिन सामान्य सीट पर ऐसा नहीं किया जाना चाहिए।
आईयूएमएल द्वारा सामान्य सीट से दो महिलाओं को टिकट देने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को आदर्श रूप से ‘समस्त’ के रुख का पालन करना चाहिए, क्योंकि मुस्लिम समुदाय का एक बड़ा वर्ग इस संगठन से जुड़ा हुआ है।
युवा लीग की नेता फातिमा थाहिलिया को कोझिकोड जिले के पेरामब्रा से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि जयंती राजन कन्नूर जिले के कूथुपरम्बा से चुनाव लड़ेंगी।
केरल में नौ अप्रैल को मतदान होगा।
भाषा खारी जोहेब
जोहेब