जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं डोटासरा: राजस्थान के मंत्री बेढम
जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं डोटासरा: राजस्थान के मंत्री बेढम
जयपुर, 12 मार्च (भाषा) राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बृहस्पतिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
बेढम ने कहा कि राज्य सरकार आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा, “डोटासरा राजस्थान की जनता को भ्रमित करने के अवसर तलाशते रहते हैं और विकास से ज्यादा उनका ध्यान राजनीतिक लाभ पाने पर है। ऐसे समय में ओछी राजनीति करना अस्वीकार्य है।”
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी निष्ठा के साथ आम जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है।
बेढम की यह प्रतिक्रिया डोटासरा के उस बयान पर आई है जिसमें उन्होंने एलपीजी गैस आपूर्ति बाधित होने को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर हमला बोला था।
डोटासरा ने कहा था कि केंद्र और राज्य सरकारें स्थिति संभालने में विफल रही हैं और लोगों को संकट से खुद निपटने के लिए छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा था, “जैसे नोटबंदी के दौरान लोगों को कतारों में खड़ा किया गया था, वैसे ही अब गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।”
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक

Facebook


