तमिलनाडु में खनन स्थलों की निगरानी के लिए ड्रोन का होगा इस्तेमाल

तमिलनाडु में खनन स्थलों की निगरानी के लिए ड्रोन का होगा इस्तेमाल

तमिलनाडु में खनन स्थलों की निगरानी के लिए ड्रोन का होगा इस्तेमाल
Modified Date: June 3, 2026 / 12:32 pm IST
Published Date: June 3, 2026 12:32 pm IST

चेन्नई, तीन जून (भाषा) तमिलनाडु के भूविज्ञान एवं खनन विभाग ने राज्य में खनन स्थलों के निरीक्षण के लिए उन्नत तकनीक से लैस ड्रोन का इस्तेमाल करने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय पिछले सप्ताह अधिकारियों द्वारा किए गए भौतिक निरीक्षण के बाद लिया गया, जिसमें 155 खदानों में नियमों के उल्लंघन का पता चला था।

विभाग की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्राकृतिक संसाधन मंत्री टी. के. प्रभु ने पिछले सप्ताह तेनकासी, कन्याकुमारी, विरुधुनगर और मदुरै जिलों की खदानों का औचक निरीक्षण किया था। इसके अनुसार निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाई गई खदानों को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 431 खदानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 155 में नियमों का उल्लंघन पाया गया।

विभाग ने अवैध खनन और खनिजों को वाहनों के जरिए अनधिकृत रूप से निकालने पर रोक लगाने के लिए अस्थायी रूप से निलंबित खदानों के खिलाफ अनुवर्ती कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।

खनन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पट्टे पर दिए गए सभी क्षेत्रों का भविष्य में निरीक्षण उन्नत तकनीक से लैस ड्रोन के जरिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पट्टाधारकों को अग्रिम नोटिस दिया जाएगा।

भाषा प्रचेता अमित

अमित


लेखक के बारे में