कोलकाता, 10 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है और इसके बाद राज्य में शुष्क मौसम रहेगा। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि उप-हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह से राज्य में मुख्यतः शुष्क मौसम रहने की संभावना है।
पिछले सप्ताहांत उत्तर बंगाल में मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ आने से 32 लोगों की मौत हो गई।
शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक (23 मिलीमीटर) बारिश पश्चिम मेदिनीपुर जिले के कलाईकुंडा में दर्ज की गई। पूर्व मेदिनीपुर के कांथी में 22 मिमी और उत्तर 24 परगना जिले के दमदम में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के अनुसार, इस अवधि के दौरान उत्तर बंगाल के जिलों में कोई बारिश नहीं हुई।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश