डीयू छात्रों ने मुख्य मांगे माने जाने का आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल खत्म की
डीयू छात्रों ने मुख्य मांगे माने जाने का आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल खत्म की
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) प्रशासन की ओर से छात्रों की कई मांगों पर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) से जुड़े पांच छात्रों ने बृहस्पतिवार को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी।
छात्रों ने अकादमिक परिषद में छात्रों का प्रतिनिधित्व और एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों का विस्तार समेत कई मांगे डीयू के समक्ष रखी थी।
छात्र नेताओं ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने हालिया जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान डीयू के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से किए गए उस पोस्ट पर भी जवाब देने का आश्वासन दिया है, जिसमें छात्रों से प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की गई थी।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला ने कहा, ‘दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने हमारी सभी मांगों को लिखित रूप में स्वीकार कर लिया है और छात्रों की मौजूदगी में कैमरे के सामने यह मौखिक आश्वासन भी दिया है कि संबंधित ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट पर जल्द जवाब दिया जाएगा।’
ये छात्र ‘डीयू सत्याग्रह’ प्रदर्शन के तहत पिछले नौ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर द्वारा हस्ताक्षरित पत्र मिलने के बाद उन्होंने अनशन समाप्त किया। यह पत्र डीयू साउथ कैंपस की निदेशक रजनी अब्बी ने छात्रों को सौंपा।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


