पश्चिम चंपारण में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान वन विभाग की टीम का घेराव, जेसीबी में लगाई आग

पश्चिम चंपारण में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान वन विभाग की टीम का घेराव, जेसीबी में लगाई आग

पश्चिम चंपारण में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान वन विभाग की टीम का घेराव, जेसीबी में लगाई आग
Modified Date: July 9, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: July 9, 2026 8:11 pm IST

बेतिया, नौ जुलाई (भाषा) बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का घेराव किया तथा एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी और दूसरी जेसीबी को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना जिले के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले थरही गांव में हुई।

वाल्मीकिनगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सुबह करीब 7:45 बजे स्थानीय रेंजर से सूचना मिली कि ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का घेराव कर लिया है। इसके बाद डायल-112 की टीम, स्थानीय गश्त दल और पुलिस उपाधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान भी वहां पहुंचे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हंगामे के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने गन्ने के खेत में खड़ी एक जेसीबी मशीन में कथित तौर पर आग लगा दी, जबकि दूसरी जेसीबी के शीशे तोड़ दिए।’’

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। इस कारण अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का दावा है कि वे पिछले 20 से 25 वर्षों से उक्त भूमि पर खेती कर रहे हैं और अतिक्रमण हटाने के अभियान की उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी।

कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान भूमि पर खड़ी गन्ने की फसल को कथित रूप से नुकसान पहुंचने के बाद ग्रामीणों और वन विभाग के अधिकारियों के बीच विवाद बढ़ गया।

उन्होंने कहा कि वन विभाग ने अभियान चलाने से पहले स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी।

थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘जेसीबी में आग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।’’

भाषा कैलाश शफीक

शफीक


लेखक के बारे में