राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी चलेंगी ई-बसें, परीक्षण शुरू
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी चलेंगी ई-बसें, परीक्षण शुरू
जयपुर, 26 फरवरी (भाषा) पीएम ई-बस सेवा के तहत राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी ऐसी बसें चलेंगी जिनका परीक्षण बृहस्पतिवार को यहां शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार इस योजना के तहत जयपुर में पहले चरण में 150 ई-बसें मिलनी हैं। इनके नियमित संचालन से पहले बृहस्पतिवार को नौ मीटर एवं 12 मीटर श्रेणी की बसों का परीक्षण प्रारंभ किया गया। यह 28 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा।
इसके अनुसार नौ मीटर लंबी ई-बस में 25 यात्री बैठ सकते हैं, उसमें एक व्हीलचेयर का भी प्रावधान है। बारह मीटर लंबी ई-बस में 31 यात्री बैठ सकते हैं। ये बसें दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित हैं जिससे समावेशी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
इन बसों में पैनिक बटन, यात्री डिस्पले बोर्ड, स्पीकर, चालक डिस्पले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरा, ऑटोमैटिक यात्री गणना कैमरा जैसे फीचर हैं।
‘जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (जेसीटीएसएल)’ ने इसके लिए चयनित फर्म के साथ अनुबंध किया गया है। जयपुर में इन ई-बसों का नियमित संचालन अप्रैल 2026 से प्रस्तावित है।
आधिकारिक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को सुगम एवं सुरक्षित जीवन प्रदान करने लिए निरंतर कार्यरत है। इसी कड़ी में राजस्थान में स्वच्छ, आधुनिक एवं सतत शहरी परिवहन व्यवस्था को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत आठ शहरों- जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर एवं अजमेर – में कुल 675 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके तहत जयपुर को 150, जोधपुर को 100, अजमेर को 100, कोटा को 100, बीकानेर को 75, अलवर को 50, भीलवाड़ा को 50 तथा उदयपुर को 50 ई-बसें प्राप्त होंगी।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


