उत्तर भारत में भूकंप का तेज झटका

उत्तर भारत में भूकंप का तेज झटका

उत्तर भारत में भूकंप का तेज झटका
Modified Date: November 29, 2022 / 08:14 pm IST
Published Date: February 12, 2021 8:11 pm IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) ताजिकिस्तान में शुक्रवार रात शक्तिशाली भूकंप आया जिसके झटके दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समेत उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान विभाग ने पहले भूलवश बताया था कि भूकंप का केंद्र पंजाब के अमृतसर में 19 किलोमीटर की गहराई पर केंद्रित था। हालांकि उसने बाद में संशोधित बयान जारी कर पुष्टि की कि भूकंप दरअसल ताजिकिस्तान में आया।

विभाग ने कहा कि यह गलती सॉफ्टवेयर के कारण हुई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई। भूकंप रात 10 बजकर 34 मिनट पर आया। इसमें जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है।

भूकंप से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत अनेक स्थानों पर लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के डर से लोग घरों से बाहर निकल आए। जब भूकंप आया तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी शिकागो विश्वविद्यालय के छात्रों से डिजिटल तरीके से संवाद कर रहे थे, तभी उन्होंने कहा कि पूरा कमरा हिल रहा है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, ‘‘2005 में आए भूकंप के बाद से श्रीनगर में आया कोई झटका इतना शक्तिशाली नहीं था जिसने मुझे घर से बाहर जाने को मजबूर किया हो। मैंने कंबल लिया और भागा। मुझे अपने साथ फोन ले जाना भी याद नहीं रहा, इसलिए जब जमीन हिल रही थी तब ‘भूकंप’ ट्वीट नहीं कर पाया।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘भूकंप के बाद अमृतसर या पंजाब के अन्य हिस्सों में क्षति की अभी तक कोई सूचना नहीं है। पंजाब पुलिस और स्थानीय प्रशासन के शीर्ष अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।’’

अमृतसर के पुलिस आयुक्त सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि स्वर्ण मंदिर में सब कुछ सामान्य था और अनुयायी रोजमर्रा की तरह ही सेवा कर रहे थे।

एनसीएस के संचालन प्रमुख जेएल गौतम ने कहा, ‘‘भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान था। शुरुआती जांच में पता चला था कि केंद्र अमृतसर था। हमने उस जानकारी को संशोधित किया है।’’

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम राजीवन ने कहा कि संदेश ‘प्रणाली में गलती’ से लिया गया था और इसे ठीक कर दिया गया है।

एनसीएस ने कहा था कि भूकंप के दो झटके आए, ताजिकिस्तान में रात 10.31 पर और अमृतसर में रात 10.34 पर।

बाद में गौतम ने कहा, ‘‘एक ही झटका आया।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने भी भूकंप के झटकों के बारे में ट्वीट कर सभी की कुशलक्षेम की प्रार्थना की।

भाषा मानसी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में

डॉ.अनिल शुक्ला, 2019 से CG-MP के प्रतिष्ठित न्यूज चैनल IBC24 के डिजिटल ​डिपार्टमेंट में Senior Associate Producer हैं। 2024 में महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय से Journalism and Mass Communication विषय में Ph.D अवॉर्ड हो चुके हैं। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से M.Phil और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर से M.sc (EM) में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। जहां प्रावीण्य सूची में प्रथम आने के लिए तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इन्होंने गुरूघासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर से हिंदी साहित्य में एम.ए किया। इनके अलावा PGDJMC और PGDRD एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी किया। डॉ.अनिल शुक्ला ने मीडिया एवं जनसंचार से संबंधित दर्जन भर से अधिक कार्यशाला, सेमीनार, मीडिया संगो​ष्ठी में सहभागिता की। इनके तमाम प्रतिष्ठित पत्र पत्रिकाओं में लेख और शोध पत्र प्रकाशित हैं। डॉ.अनिल शुक्ला को रिपोर्टर, एंकर और कंटेट राइटर के बतौर मीडिया के क्षेत्र में काम करने का 15 वर्ष से अधिक का अनुभव है। इस पर मेल आईडी पर संपर्क करें anilshuklamedia@gmail.com