श्रीनगर, 13 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में रविवार देर रात रिक्टर पैमाने पर 3.6 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने यह जानकारी दी।
एनसीएस द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की जानकारी के अनुसार, भूकंप देर रात दो बजे आया। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
अभी तक भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
इससे पहले फरवरी में भी बारामूला जिले में रिक्टर पैमाने पर 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। उस समय जिले का पट्टन क्षेत्र भूकंप का केंद्र था।
भाषा गोला
गोला