निर्वाचन आयोग देश की आबादी कम करके 50 करोड़ कर देगा: केजरीवाल
निर्वाचन आयोग देश की आबादी कम करके 50 करोड़ कर देगा: केजरीवाल
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग देश की आबादी 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ कर देगा। केजरीवाल की यह टिप्पणी दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची जारी होने के कुछ घंटे बाद आई, जिसमें 47 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तैयार की गई मसौदा मतदाता सूची में राज्य के हर तीन में से एक मतदाता का नाम शामिल नहीं है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘एसआईआर के तहत दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 1.5 करोड़ मतदाताओं में से 47 लाख मतदाताओं के नाम गायब हैं। केंद्र सरकार बेवजह आबादी को लेकर चिंतित है। एसआईआर के जरिए निर्वाचन आयोग हमारे देश की आबादी 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ कर देगा।’
एसआईआर के तहत 30 जून से शुरू होकर 17 अगस्त तक चले घर-घर जाकर गणना अभियान के दौरान मिले और डिजिटलीकृत किए गए गणना प्रपत्रों के आधार पर मसौदा सूची में करीब 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
इस प्रक्रिया के दौरान दिल्ली के कुल 1,45,10,299 मतदाताओं में से करीब 67.22 प्रतिशत के प्रपत्रों को डिजिटलीकृत किया गया।
शेष करीब 47 लाख मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, दोहरे नाम और अन्य (एएसडीडीओ) श्रेणी में रखा गया है और उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


