निर्वाचन आयोग ने बंगाल प्रशासन को चुनाव के बाद हिंसा को कतई बर्दाशत न करने की नीति अपनाने को कहा

Ads

निर्वाचन आयोग ने बंगाल प्रशासन को चुनाव के बाद हिंसा को कतई बर्दाशत न करने की नीति अपनाने को कहा

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 11:04 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 11:04 PM IST

कोलकाता, पांच मई (भाषा) निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला, डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को निर्देश दिया कि वे राज्य में चुनाव के बाद होने वाली हिंसा की किसी भी घटना को लेकर ‘‘कतई बर्दाशत नहीं करने की नीति’’ अपनाएं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

निर्वाचन आयोग ने यह निर्देश तब जारी किया, जब राज्य में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में कथित तौर पर दो लोगों की हत्या कर दी गई और कई पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई।

अधिकारी ने कहा, ‘यह सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शांति बनी रहे और इसे बिगाड़ने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाए। निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा है कि वे चुनाव के बाद होने वाली किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करें। इस संबंध में कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति होनी चाहिए, चाहे इसमें कोई भी शामिल हो।’

उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारियों और केंद्रीय बलों- दोनों को ही सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘स्थिति नियंत्रण में रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के बीच घनिष्ठ समन्वय पर ज़ोर दिया गया है।’

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश