ईडी ने पीएमएलए मामले में कडप्पा से सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी, अन्य लोगों के परिसरों पर छापे मारे
ईडी ने पीएमएलए मामले में कडप्पा से सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी, अन्य लोगों के परिसरों पर छापे मारे
हैदराबाद, 21 अगस्त (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी की हत्या से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी, उनके पिता और कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों 0ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में हैदराबाद और कडप्पा में कुल छह जगहों पर तलाशी ली गई।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कडप्पा से सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी और उनके पिता वाई.एस. भास्कर रेड्डी के परिसरों की भी तलाशी ली गई।
ईडी का मामला हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज प्राथमिकी और आरोपपत्रों पर आधारित है।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के चाचा विवेकानंद रेड्डी की मार्च 2019 में कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला स्थित उनके घर पर हत्या कर दी गई थी। सीबीआई ने 2020 में जांच का जिम्मा अपने हाथ में लिया और आरोप लगाया कि इसमें कई लोगों की संलिप्तता है और इसके लिए जटिल साजिश रची गई थी।
शुरुआत में राज्य पुलिस ने इस मामले की जांच की थी लेकिन 2020 में जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया। केंद्रीय जांच एजेंसी ने हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में 16 अप्रैल 2023 को भास्कर रेड्डी को गिरफ्तार किया।
भाषा
सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


