ईडी ने पीएमएलए मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन की बेटी को फिर समन जारी किया

Ads

ईडी ने पीएमएलए मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन की बेटी को फिर समन जारी किया

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 01:38 PM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 01:38 PM IST

कोच्चि, 12 जून (भाषा) खनिज कंपनी सीएमआरएल से जुड़े धन शोधन मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. को फिर से समन जारी कर उन्हें 17 जून को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ईडी ने इससे पहले वीणा को शुक्रवार को अपनी कोच्चि इकाई के समक्ष पेश होने को कहा था।

सूत्रों ने बताया कि वीणा द्वारा स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए और समय मांगे जाने संबंधी ईमेल भेजे जाने के बाद एजेंसी ने नया समन जारी किया।

ईडी ने वीणा को उनकी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ से जुड़े लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों के साथ 17 जून को सुबह 10 बजे कोच्चि स्थित अपने कार्यालय में पेश होने को कहा है।

यह जांच इन आरोपों से जुड़ी है कि ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) ने कोई सेवा लिए बिना एक्सालॉजिक को 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया।

ईडी के अनुसार, सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्था द्वारा संचालित एक अन्य कंपनी ‘एम्पावर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’ (ईआईसीपीएल) ने एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का कर्ज दिया था जबकि कंपनी समय पर कर्ज चुकाने में कथित तौर पर विफल रही थी।

एजेंसी ने आरोप लगाया है कि वीणा और कार्था के नेतृत्व वाले सीएमआरएल प्रबंधन ने इन लेन-देन के जरिए ‘‘अपराध की आय’’ अर्जित की।

ईडी ने अप्रैल 2025 में गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) द्वारा एर्नाकुलम की एक अदालत में दायर अभियोजन शिकायत के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया था। एसएफआईओ, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की जांच इकाई है।

सीएमआरएल जनवरी 2019 में आयकर विभाग की छापेमारी के बाद केंद्रीय एजेंसियों की जांच के दायरे में आई थी। आरोप है कि इस छापेमारी में वित्तीय अनियमितताओं का पता चला था जिनमें करीब 130 करोड़ रुपये के ऐसे खर्च भी शामिल थे जिनके फर्जी होने का संदेह है।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा