जबरन वसूली मामले में ‘लापता मोबाइल’ के लिए ईडी ने पूर्व पुलिस अधिकारी के आवास पर ली तलाशी
जबरन वसूली मामले में 'लापता मोबाइल' के लिए ईडी ने पूर्व पुलिस अधिकारी के आवास पर ली तलाशी
कोलकाता, 26 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कोलकाता पुलिस के गिरफ्तार पूर्व अधिकारी शांतनु सिन्हा बिस्वास के कांदी स्थित आवास पर नए सिरे से तलाशी ली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई कथित ‘सोना पप्पू’ जबरन वसूली और जमीन हड़पने के मामले के संबंध में की गई है।
जांचकर्ताओं को आशंका है कि बिस्वास द्वारा इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से इस विशाल घर के भीतर छिपाए गए हैं या परिसर के अंदर स्थित तालाब में फेंक दिए गए हैं।
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हमें संदेह है कि आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए जानबूझकर इन उपकरणों को छिपाया या नष्ट कर दिया है। ऐसी जानकारी मिली है कि फोन को निकटवर्ती तालाब में फेंका गया होगा। इसी के मुताबिक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर गोताखोरों की भी मदद ली जा सकती है।’
बिस्वास को ईडी ने कथित जबरन वसूली रैकेट के सिलसिले में गिरफ्तार किया था।
मुर्शिदाबाद जिले के कांदी शहर में बिस्वास के आलीशान आवास पर इससे पहले की गई तलाशी के दौरान अधिकारियों ने कथित तौर पर बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया था।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश

Facebook


