ईडी ने विजयन की बेटी को सीएमआरएल धनशोधन मामले में फिर तलब किया

Ads

ईडी ने विजयन की बेटी को सीएमआरएल धनशोधन मामले में फिर तलब किया

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 01:54 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 01:54 PM IST

कोच्चि, 21 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. को एक नया नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्हें 29 जून को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह मामला खनन कंपनी सीएमआरएल और उनकी अब बंद हो चुकी आईटी कंपनी से जुड़े धनशोधन मामले से संबंधित है।

इस मामले में 17 जून को ईडी के कोच्चि कार्यालय में उनसे धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले के संबंध में नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी।

इसके बाद 19 जून को जांच के तहत ईडी अधिकारियों ने तिरुवनंतपुरम में उनके बैंक लॉकरों की भी जांच की।

ईडी के सूत्रों के अनुसार, वीणा के बयान और जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आगे की पूछताछ की आवश्यकता लगी। इसके बाद उन्हें 29 जून को एजेंसी के समक्ष पेश होने संबंधी एक नया नोटिस जारी किया गया।

सूत्रों ने बताया कि अब तक चार अन्य आरोपियों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।

ईडी की जांच उन आरोपों से संबंधित है जिनमें कहा गया है कि कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने वीणा के स्वामित्व वाली कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को बिना किसी सेवा के कुल 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया।

एजेंसी के अनुसार, एक अन्य कंपनी एम्पावर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, जिसका संचालन सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशीधरन कर्था करते हैं, ने भी एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण दिया था, जबकि आरोप है कि यह कंपनी समय पर यह ऋण चुकाने में विफल रही।

ईडी ने आरोप लगाया है कि वीणा और सीएमआरएल के प्रबंधन ने इन लेन-देन के माध्यम से ‘‘अपराध से धन अर्जित’’ किया।

एजेंसी ने यह मामला धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया, जो अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की एक अदालत में गंभीर कपट अन्वेषण कार्यालय द्वारा दायर अभियोजन शिकायत पर आधारित था।

भाषा शोभना अमित

अमित