‘एडिटर्स गिल्ड’ ने दिग्गज पत्रकार एचके दुआ के निधन पर शोक जताया
‘एडिटर्स गिल्ड’ ने दिग्गज पत्रकार एचके दुआ के निधन पर शोक जताया
नयी दिल्ली, चार मार्च (भाषा) ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने बुधवार को दिग्गज पत्रकार एच. के. दुआ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति की गहरी समझ और तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि के लिए उन्हें व्यापक रूप से सम्मान प्राप्त था।
गिल्ड ने एक बयान में कहा कि दुआ ने न केवल मीडिया नैतिकता के सर्वोच्च मूल्यों को कायम रखा बल्कि वह मीडिया की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मुखर समर्थक भी थे।
गिल्ड ने कहा कि पांच दशकों से अधिक के अपने विशिष्ट करियर के दौरान दुआ को चार प्रमुख भारतीय समाचार पत्रों ‘द इंडियन एक्सप्रेस’, ‘हिंदुस्तान टाइम्स’, ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ और ‘द ट्रिब्यून’ का नेतृत्व करने का अनूठा गौरव प्राप्त था।
बयान के मुताबिक, दुआ को भारतीय राजनीति की गहरी समझ और तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि के लिए व्यापक रूप से सम्मान प्राप्त था।
उन्होंने दो प्रधानमंत्रियों, दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी और श्री एच.डी. देवेगौड़ा के मीडिया सलाहकार के रूप में कार्य किया। इसके अलावा डेनमार्क में भारत के राजदूत के रूप में भी सेवाएं दीं।
बयान में बताया गया कि दुआ ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ के दीर्घकालिक सदस्य थे और उन्होंने 1987-89 के बीच गिल्ड के महासचिव और 1992 से 93 तक अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
बयान के मुताबिक, वह गिल्ड की कार्यकारी समिति के पदेन सदस्य के रूप में सलाहकार बने रहे।
बयान में बताया गया, “दुआ ने न केवल मीडिया की नैतिकता के सर्वोच्च मूल्यों का पालन किया, बल्कि वह मीडिया की स्वतंत्रता व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मुखर समर्थक भी थे। गिल्ड उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है।”
प्रतिष्ठित पत्रकार एच.के. दुआ का बुधवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
दुआ के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि उन्होंने आज (बुधवार को) दोपहर एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
दुआ का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा।
दुआ को लगभग तीन सप्ताह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उनके परिवार में पत्नी आदित्य और पुत्र प्रशांत हैं।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


