कोलकाता, आठ फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अवैध निर्माण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की तृणमूल कांग्रेस पार्षद द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने के बाद मौत हो गई। परिवार ने रविवार को पुलिस को दी गई शिकायत में यह आरोप लगाया।
पुलिस ने बताया कि उसने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है और उत्तर बैरकपुर नगरपालिका के वार्ड-23 के टीएमसी पार्षद रबींद्र नाथ भट्टाचार्य को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान 83 वर्षीय तुलसी अधिकारी के रूप में हुई है, जो कई दिनों से अपने घर के सामने हो रहे कथित अवैध निर्माण का विरोध कर रहे थे। पुलिस शिकायत में उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि शनिवार को भट्टाचार्य मौके पर पहुंचे और तुलसी के साथ उनकी तीखी बहस हुई।
पुलिस शिकायत के मुताबिक, भट्टाचार्य ने कथित तौर पर तुलसी और उनके बेटे हेमंत पर हमला किया।
परिवार का दावा है कि भट्टाचार्य ने तुलसी को बार-बार मुक्के मारे, थप्पड़ मारे और लातें मारीं, जिसके बाद वह गिर गये, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टीएमसी नेता ने आरोपों से इनकार करते हुए इन्हें ‘‘बेबुनियाद और राजनीतिक मकसद से प्रेरित’’ बताया।
भट्टाचार्य ने दावा किया, ‘‘मैंने किसी पर हमला नहीं किया। मुझे राजनीतिक कारणों से बदनाम किया जा रहा है। कोई भी मौत दुखद होती है, लेकिन मैंने उनके साथ मारपीट नहीं की। बल्कि, उन्होंने मुझ पर हमला किया। मृत व्यक्ति के बेटे ने मेरा गला पकड़ लिया था और मुझे धक्का दिया था। सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हो जाएगी।’’
पुलिस ने कहा कि उसने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के कारण का पता चलेगा।
स्थानीय लोगों ने भट्टाचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने दावा किया कि आरोपी इलाके में अवैध निर्माण गतिविधियों में शामिल है।
टीएमसी सांसद पार्थ भौमिक ने कहा कि पार्टी पार्षद के कृत्य की निंदा करती है और ‘‘इस अपराध के लिए पुलिस-प्रशासन उसके खिलाफ जो भी कार्रवाई करेगा, पार्टी उसका समर्थन करेगी।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश