चंडीगढ़, आठ फरवरी (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि फरीदाबाद में सूरजकुंड झूले की घटना बेहद दुखद है और उन्होंने अधिकारियों को मेले और दूसरे सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सैनी ने कहा कि झूला गिरने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं, और लोगों को बचाने की कोशिश में जान गंवाने वाले पुलिस निरीक्षक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
शनिवार शाम करीब छह बजे सूरजकुंड में झूला टूट कर गिर गया, हादसे के वक्त उसमें करीब 19 लोग सवार थे, जिससे 12 लोग घायल हो गए और एक की मौत हो गई। मरने वाले की पहचान 58 वर्षीय पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद के रूप में हुई, जिन्हें 2019-20 में हरियाणा के राज्यपाल द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। प्रसाद उस वक्त ड्यूटी पर थे।
सैनी ने घोषणा की कि सूरजकुंड घटना में गंभीर रूप से घायलों को राज्य सरकार की ओर से एक.एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
कुरुक्षेत्र में 41वें राज्य-स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी के समापन समारोह के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजकुंड मेले में झूलों की रोजाना जांच की जाती है, और इस मामले में एक रिपोर्ट तैयार की जाती है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना किस वजह से हुई, इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सैनी ने कहा कि हरियाणा सूरजकुंड दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ा है और उन्हें आश्वासन दिया कि इस मुश्किल समय में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रसाद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में उनके परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है।
इस घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है, और हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देश पर फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (अपराध) की देखरेख में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
रविवार को एक बयान में हरियाणा पुलिस ने कहा कि हिमाचल फन केयर कंपनी के मालिक और मेले में झूले लगाने के लिए ज़िम्मेदार मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और कानून की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बयान में कहा गया है कि जांच के दौरान शाकिर और एक अन्य आरोपी नितेश को गिरफ्तार किया गया।
घायलों के बारे में सैनी ने बताया कि फरीदाबाद के सुप्रीम हॉस्पिटल में भर्ती आठ घायल लोगों में से चार को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि बाकी का इलाज अभी भी किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि सिविल हॉस्पिटल में भर्ती अन्य घायलों को भी डिस्चार्ज कर दिया गया है।
दुनिया भर में मशहूर सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट्स मेला हर साल फरीदाबाद जिले में लगता है। 31 जनवरी से 15 फरवरी तक होने वाले मेले के 39वें संस्करण में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के विजन पर फोकस किया गया है।
भाषा रंजन नरेश
नरेश