निर्वाचन आयोग बंगाल में मतगणना केंद्रों की संख्या फिर से घटा सकता है
निर्वाचन आयोग बंगाल में मतगणना केंद्रों की संख्या फिर से घटा सकता है
कोलकाता, 30 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना केंद्रों की संख्या 87 से घटाकर 77 किए जाने की संभावना है। हालांकि, मतगणना से कुछ ही दिन पहले सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने इस कदम पर सवाल उठाए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने इस कदम के पीछे का कारण नहीं बताया।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना केंद्रों की संख्या लगभग दो सप्ताह पहले 108 से घटाकर 87 कर दी गई थी।
अग्रवाल ने कहा, “आवश्यकता पड़ने पर मतगणना केंद्रों की संख्या 77 से भी कम की जा सकती है। सभी मतगणना केंद्र सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे।”
अधिकारियों ने बताया कि अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से कई केंद्रों का दौरा कर सकते हैं।
आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि मतगणना से ठीक तीन दिन पहले मतगणना केंद्रों की संख्या में बदलाव के फैसले की सत्ताधारी पार्टी ने आलोचना की है।
उन्होंने बताया कि कोलकाता में 11 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना पांच केंद्रों पर की जाएगी।
भाषा
राखी वैभव
वैभव

Facebook


