नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) निर्वाचन आयोग (ईसी) ‘प्रौद्योगिकी के उपयोग और चुनावी नैतिकता’ पर सोमवार से दूसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
निर्वाचन आयोग ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार करेंगे।
बयान में कहा गया है कि 17 देशों/चुनाव प्रबंधन निकायों के लगभग 43 प्रतिभागियों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के छह प्रतिभागियों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
निर्वाचन आयोग चुनावी नैतिकता पर उस समूह का नेतृत्व कर रहा है जिसे दिसंबर, 2021 में ऑनलाइन तरीके से आयोजित ‘लोकतंत्र के लिए शिखर सम्मेलन’ के तहत बनाया गया था।
गौरतलब है कि पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन नवंबर, 2022 में यहां ‘चुनाव प्रबंधन निकायों की भूमिका, रूपरेखा और क्षमता’ पर आयोजित किया गया था।
भाषा देवेंद्र सुरभि
सुरभि