जयपुर, 25 फरवरी (भाषा) राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आगामी चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है जिसमें कुल चार करोड़ से अधिक मतदाता हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के लिए अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 4,02,20,734 मतदाता हैं जिनमें 2,08,62,380 पुरुष, 1,93,58,147 महिलाएं तथा 207 तृतीय लिंगी हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के पश्चात अंतिम प्रकाशन तक मतदाताओं की संख्या में 5,73,568 की शुद्ध वृद्धि हुई है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 1.45 प्रतिशत है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि मतदाताओं की प्रतिशत वृद्धि के आधार पर बांसवाड़ा जिले में सर्वाधिक 4.55 प्रतिशत तथा फलोदी जिले में 4.46 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है जबकि टोंक जिले में मतदाताओं की संख्या में न्यूनतम 0.04 प्रतिशत एवं श्रीगंगानगर जिले में 0.19 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 29 जनवरी 2026 को किया गया था तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के नियमानुसार निराकरण के पश्चात आज अंतिम प्रकाशन किया गया है।
सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों की आयु एक जनवरी 2026 को 18 साल पूरी नहीं हुई थी उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार