जीटीबी अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं आरजीएसएसएच ब्लॉक-4 में स्थानांतरित की गईं

जीटीबी अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं आरजीएसएसएच ब्लॉक-4 में स्थानांतरित की गईं

जीटीबी अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं आरजीएसएसएच ब्लॉक-4 में स्थानांतरित की गईं
Modified Date: August 18, 2026 / 09:31 pm IST
Published Date: August 18, 2026 9:31 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) पूर्वी दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं को राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) के ब्लॉक-4 में स्थानांतरित कर दिया गया है। हालांकि स्त्री रोग-प्रसूति और बाल चिकित्सा आपातकालीन सेवाएं इसमें शामिल नहीं है। अस्पताल प्रशासन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नव संचालित आपातकालीन सेवाओं का औपचारिक उद्घाटन मंगलवार को गुरु तेग बहादुर अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने किया।

मुख्य आपातकालीन विभाग ब्लॉक-4 के भूतल पर स्थित है, जिसमें चिकित्सा, सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, हड्डीरोग और संबद्ध विशिष्टताओं के लिए आपातकालीन वार्ड हैं।

प्रशासन ने कहा कि इस विभाग में लगभग 200 बिस्तर और छह ऑपरेशन थिएटर हैं और इसे आरजीएसएसएच में उपलब्ध मौजूदा डायग्नोस्टिक और सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं की मदद भी मिलेगी।

उद्घाटन के बाद, कुमार ने आपातकालीन विभाग का निरीक्षण किया और बुनियादी ढांचे, रोगी देखभाल सुविधाओं, कर्मचारियों की व्यवस्था और नई सुविधा की समग्र तैयारियों की समीक्षा की।

अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इस स्थानांतरण का उद्देश्य मरीजों के लिए निरंतर और त्वरित आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है और व्यापक सार्वजनिक हित में सुविधा के सुचारू संचालन की आवश्यकता पर बल देना है।

भाषा नोमान नोमान धीरज

धीरज


लेखक के बारे में