टीएमसी सांसद सौगत राय को विरोध का सामना करना पड़ा, प्रदर्शनकारियों ने वापस जाओ के नारे लगाए

टीएमसी सांसद सौगत राय को विरोध का सामना करना पड़ा, प्रदर्शनकारियों ने वापस जाओ के नारे लगाए

टीएमसी सांसद सौगत राय को विरोध का सामना करना पड़ा, प्रदर्शनकारियों ने वापस जाओ के नारे लगाए
Modified Date: August 18, 2026 / 10:38 pm IST
Published Date: August 18, 2026 10:38 pm IST

कोलकाता, 18 अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद सौगत राय को मंगलवार को कोलकाता हवाई अड्डे पर विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा जब प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार को घेरकर काले झंडे व जूते लहराए तथा ‘‘वापस जाओ’’ और ‘‘चोर, चोर’’ के नारे लगाए।

दमदम लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल के चार बार के सांसद राय स्थानीय सांसद होने के नाते भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के कार्यालय में एक बैठक के लिए हवाई अड्डे पहुंचे थे।

अधिकारियों ने बताया कि उनके पहुंचते ही भाजपा समर्थकों समेत लोगों का एक समूह उनके वाहन के आसपास जमा हो गया और उन्हें वापस लौटने को कहा।

प्रदर्शनकारियों नारेबाजी करते हुए काले झंडे तथा जूते दिखाते रहे।

राय ने अपनी कार की खिड़की का शीशा नीचे किया और प्रदर्शनकारियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया।

इसके बाद हवाई अड्डे के अधिकारियों और पुलिस ने हस्तक्षेप किया और वरिष्ठ सांसद को वहां से सुरक्षित बाहर ले गए।

भाजपा नेता और दमदम के विधायक अरिजीत बख्शी ने राय की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल सांसद कभी स्थानीय निवासियों के साथ खड़े नहीं हुए और इलाके में मुख्य रूप से सामुदायिक भोज में ही दिखाई देते हैं।

बख्शी ने कहा, ‘‘सांसद कभी स्थानीय निवासियों के साथ खड़े नहीं हुए। वह केवल भोज में दिखाई देते हैं। जब दमदम के लोग कमर तक पानी में डूबे हुए थे, तब भी वह उनके साथ खड़े दिखाई नहीं दिए।’’

भाजपा विधायक ने कहा कि अगर राय में ‘‘आत्मसम्मान’’ है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दमदम के लोग सांसद से नाराज हैं।

इससे तीन महीने पहले दमदम इलाके के निमतला में राय के खिलाफ इसी तरह प्रदर्शन हुआ था।

मई के आखिर में एक नाराज समूह ने 78 वर्षीय टीएमसी नेता पर कथित तौर पर अंडे फेंके थे और उनके खिलाफ ‘‘चोर, चोर’’ के नारे लगाए थे। राय ने तब आरोप लगाया था कि इस घटना के पीछे भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक थे।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में