गुरुग्राम, दो अगस्त (भाषा) गुरुग्राम वन विभाग के कर्मचारियों ने अनुबंध कर्मियों को स्थायी करने और “समान काम के लिए समान वेतन” लागू करने की मांग करते हुए रविवार को सिविल लाइंस स्थित हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के आवास का घेराव किया।
इसके अलावा, कर्मचारी प्रतिनिधियों ने अनुबंध और अस्थायी कर्मचारियों को समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की भी मांग की।
कर्मचारियों की अन्य मांगों में विभाग से भ्रष्ट कर्मचारियों को हटाना, न्यूनतम 26,000 रुपये वेतन देना, सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी करना और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की राशि देना शामिल है।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर मंत्री के आवास की ओर जाने वाले रास्तों पर बड़ी संख्या में अवरोधक लगा रखे थे। इसके बावजूद कर्मचारी आवास के पास धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की।
स्थिति को देखते हुए घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश