नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) सरकार ने सोमवार को कहा कि रोजगार सृजन उसकी प्राथमिकता है और देश में रोजगार सृजित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा युवाओं में बेरोजगारी संकट पर पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने बताया कि नवीनतम रिपोर्टों के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लिए अनुमानित श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) 2017-18 के 46.8 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 58.2 प्रतिशत हो गया, जो रोजगार बढ़ने का संकेत देता है।
मंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन के साथ-साथ रोजगार क्षमता में सुधार सरकार की प्राथमिकता है और वह देश में विभिन्न रोजगार सृजन योजनाओं/कार्यक्रमों को लागू कर रही है।
उन्होंने अपने लिखित जवाब में कहा कि ‘स्किल इंडिया मिशन’ (एसआईएम) प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, जन शिक्षण संस्थान, राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना और शिल्पकार प्रशिक्षण योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रदान कर रहा है और उनके कौशल को बढ़ा रहा है।
करंदलाजे ने कहा कि एसआईएम का उद्देश्य युवाओं को उद्योग से संबंधित कौशल से लैस कर भविष्य के लिए तैयार करना है।
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश