राज्यसभा में शिवसेना (उबाठा) सदस्य राउत ने अजित पवार की मौत की न्यायिक जांच कराने की मांग की

Ads

राज्यसभा में शिवसेना (उबाठा) सदस्य राउत ने अजित पवार की मौत की न्यायिक जांच कराने की मांग की

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 09:06 PM IST

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) राज्यसभा में सोमवार को शिवसेना (उबाठा) सदस्य संजय राउत ने विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने की मांग की।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर उच्च सदन में चर्चा में भाग लेते हुए राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में कथित 70,000 करोड़ रुपये के सिंचाई घोटाले में जांच का सामना कर रहे पवार भाजपा के सहयोगी बनने के बाद ‘‘दागदार नहीं रह गए थे।’’

राउत ने कहा कि 15 जनवरी को पवार ने बयान दिया था कि भाजपा ने घोटाले में भारी मात्रा में धन का गबन किया है और कुछ दिनों बाद एक भीषण विमान दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच होनी चाहिए। स्वतंत्र न्यायिक जांच होनी चाहिए।’’

राउत ने कहा कि पवार महाराष्ट्र के एक बड़े नेता थे, और उनकी मृत्यु दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हुई। उन्होंने विमान हादसे में पवार की मौत का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम आज भी इस घटना से स्तब्ध हैं।’’

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा अध्यक्ष अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

भाषा अविनाश सुभाष

सुभाष