चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय ने 28 लाख रुपये नकद और दस्तावेज जब्त किए

चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय ने 28 लाख रुपये नकद और दस्तावेज जब्त किए

चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय ने 28 लाख रुपये नकद और दस्तावेज जब्त किए
Modified Date: April 27, 2026 / 08:47 pm IST
Published Date: April 27, 2026 8:47 pm IST

कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले कुछ दिनों में चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में दो मामलों में छापे के दौरान लगभग 28 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

ईडी ने रविवार को बिस्वजीत पोद्दर उर्फ ​​सोना पप्पू की अगुवाई वाले एक कथित स्थानीय अपराध सिंडिकेट के खिलाफ धनशोधन की जांच के तहत नए सिरे से तलाश अभियान चलाया।

ईडी ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘‘ कल्याण शुक्ला और संजय कुमार कनोडिया के परिसरों की तलाशी ली गई, जिसके परिणामस्वरूप 10 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं।’’

बयान में ईडी ने कहा, ‘‘ जब्त किए गए दस्तावेजों से संदिग्ध व्यक्तियों और पीईपी (राजनीतिक रूप से प्रख्यात व्यक्तियों) के बीच बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन का संकेत मिलता है।’’

पीईपी एक ऐसा व्यक्ति होता है जो सार्वजनिक क्षेत्र में एक प्रमुख पद पर आसीन होता है।

ईडी ने इस मामले में पहले भी कई बार छापे मारे हैं।

दूसरी कार्रवाई कथित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) घोटाले से संबंधित है। ईडी ने 25 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में 11 स्थानों पर छापेमारी की थी।

इसमें कहा गया, ‘‘ छापे में 18.4 लाख रुपये नकद, विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज और धनशोधन के अपराध से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए।’’

धनशोधन का यह मामला अक्टूबर 2020 में बशीरहाट पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी से जुड़ा है, जो घोजाडांगा स्थित सीमा शुल्क उपायुक्त (भूमि सीमा शुल्क केन्द्र) की शिकायत पर आधारित थी। शिकायत में कल्याणकारी योजनाओं के लिए निर्धारित पीडीएस गेहूं के बड़े पैमाने पर गबन का आरोप लगाया गया था।

भाषा शोभना माधव

माधव


लेखक के बारे में