आप के साथ जीएफपी के गठबंधन के बाद भी गोवा कांग्रेस ने कहा, सरदेसाई की पार्टी के लिए दरवाजे खुले
आप के साथ जीएफपी के गठबंधन के बाद भी गोवा कांग्रेस ने कहा, सरदेसाई की पार्टी के लिए दरवाजे खुले
पणजी, 19 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के साथ गठबंधन के लिए उसके दरवाजे खुले हैं। हालांकि विजय सरदेसाई के नेतृत्व वाली जीएफपी ने राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन की घोषणा कर दी है।
कांग्रेस के गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने संवाददाताओं से कहा कि जीएफपी या कोई भी अन्य राजनीतिक दल, जो अगले साल के चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पराजित करना चाहता है, उसके लिए कांग्रेस ने अपने दरवाजे बंद नहीं किए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम हमेशा से जीएफपी और रिवोल्यूशनरी गोअंस पार्टी समेत सभी दलों को साथ लाने का प्रयास करते रहे हैं, ताकि भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाया जा सके। हमने किसी के लिए अपने दरवाजे बंद नहीं किए हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘जहां तक हमारी बात है, जीएफपी के लिए हमारे दरवाजे अब भी खुले हैं। हमें भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ना है।’’
आप और जीएफपी ने 13 सितंबर को अपने ‘गोवा फर्स्ट’ चुनाव पूर्व गठबंधन की घोषणा की थी। केजरीवाल और सरदेसाई ने इसे मतदाताओं के लिए भाजपा और कांग्रेस से अलग एक विकल्प बताया था।
गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में आप के दो विधायक हैं, जबकि जीएफपी का एक विधायक है। सरदेसाई की पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की गठबंधन सहयोगी थी। गोवा में विधानसभा चुनाव मार्च 2027 तक होने की संभावना है।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश

Facebook


