दक्षिण बंगाल के जिलों में अत्यधिक वर्षा के असार: आईएमडी

दक्षिण बंगाल के जिलों में अत्यधिक वर्षा के असार: आईएमडी

दक्षिण बंगाल के जिलों में अत्यधिक वर्षा के असार: आईएमडी
Modified Date: July 27, 2026 / 01:43 pm IST
Published Date: July 27, 2026 1:43 pm IST

कोलकाता, 27 जुलाई (भाषा) बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव 28 जुलाई तक दक्षिण बंगाल के जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा का कारण बन सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को जारी पूर्वानुमान में यह जानकारी दी।

आईएमडी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के ऊपर बना गहरा दबाव उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है और इसके सोमवार दोपहर तक बंगाल-ओडिशा तट को पार करने की उम्मीद है।

आईएमडी ने मछुआरों को 29 जुलाई तक पश्चिम बंगाल तट और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है। विभाग ने कहा कि 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसके कारण समुद्र के अत्यधिक अशांत रहने की आशंका है।

आईएमडी ने कहा कि पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम सहित तटीय तथा उनसे सटे जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में मंगलवार तक भारी बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी ने कहा कि राज्य के उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में एक अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 52 मिलीमीटर वर्षा दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप में दर्ज की गई।

आईएमडी ने बताया कि अन्य स्थानों में कांथी में 34 मिलीमीटर, हल्दिया में 29 मिलीमीटर और कैनिंग में 21 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

विभाग ने कोलकाता के लिए मंगलवार तक आमतौर पर बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर की मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में