संगठन का विस्तार प्राथमिकता, जल्द फैसले करेंगे: एनएसयूआई के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़

संगठन का विस्तार प्राथमिकता, जल्द फैसले करेंगे: एनएसयूआई के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़

संगठन का विस्तार प्राथमिकता, जल्द फैसले करेंगे: एनएसयूआई के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़
Modified Date: March 15, 2026 / 10:35 am IST
Published Date: March 15, 2026 10:35 am IST

जयपुर, 15 मार्च (भाषा) कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने संगठन के विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताते हुए रविवार को कहा कि जल्द इस बारे में फैसले किए जाएंगे।

विनोद जाखड़ ने यह भी कहा कि संगठन विस्तार में समाज के हर तबके को साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश में लड़ाका व मजबूत युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाना चाहते हैं इसी सोच के साथ उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संगठन विस्तार के सवाल पर उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अभी जिम्मेदारी मिली है। पूरे देश में जाना है। परिस्थितियां समझनी हैं। जल्द हम संगठन को लेकर बैठकें करेंगे। इसमें ये फैसले लिए जाएंगे कि पूरे देश में हमें क्या-क्या करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि संगठन विस्तार हमारी प्राथमिकता है। हम बहुत जल्दी संगठन का विस्तार करेंगे।’’

कांग्रेस ने पिछले महीने जाखड़ को एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। राजस्थान से, दलित परिवार से इस पद पर नियुक्त होने वाले वह संभवत: पहले युवा हैं। वह लंबे समय से छात्र राजनीति में सक्रिय हैं। वह राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के पहले दलित अध्यक्ष बने और एनएसयूआई की राजस्थान इकाई के निवर्तमान अध्यक्ष भी हैं।

संगठन के विस्तार व पुनर्गठन में किन बातों को तवज्जो दी जाएगी यह पूछे जाने पर जाखड़ ने कहा, ‘‘हर वर्ग को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, चाहे वे दलित, आदिवासी, पिछड़े हों, महिलाएं हों या अन्य किसी पृष्ठभूमि के लोग हों। तमाम लोगों को साथ लेकर हम आगे बढ़ें और उन लोगों को भी प्रतिनिधित्व दें जो अंतिम पंक्ति में खड़े हैं तथा साधनों संसाधनों के अभाव में भी राजनीति कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारा जो संगठन है उसका मूल उद्देश्य यही है कि मेरे जैसे साधारण परिवार के युवाओं को कैसे आगे लाया जाए व उनको कैसे राजनीति में आगे बढ़ाया जाए।’’

राजस्थान के आम परिवार के युवा को एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर नियुक्त किए जाने के पीछे के कारणों पर जाखड़ ने कहा, ‘‘ये हमारे नेता मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी की सोच है कि इस देश में आम, साधारण परिवार के युवाओं को आगे बढ़ाया जाए, उनको तैयार किया जाए ताकि भविष्य में एक अच्छी स्वच्छ राजनीति का हिस्सा हम लोग बन सकें और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।’’

राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के लिए हुए साक्षात्कार में विनोद जाखड़ का समर्थन किया।

जाखड़ ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘आज राहुल गांधी देश के संविधान को, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। राहुल गांधी भी यही चाहते हैं कि देश में लड़ाका व मजबूत युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाया जाए। इसी सोच के साथ उन्होंने मुझे मौका दिया है।’’

देश में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम लोगों… मजदूर, किसान, युवाओं… की पार्टी है। खुद को कमजोर समझने वाला समाज का हर तबका… अपने को कांग्रेस पार्टी का हिस्सा मानता है। कांग्रेस को अपनी आवाज मानता है। देश में कांग्रेस आज उनकी आवाज को मजबूती देने की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस पूरे देश में मजबूत प्रदर्शन कर रही है।

राजस्थान की मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कामकाज पर जाखड़ ने कहा, ‘‘उनके कार्यकाल में पूरे प्रदेश के हाल बेहाल हैं। हर वर्ग… चाहे महिला हों, पुरुष हों, नौजवान हों, छात्र हों किसान हो मजदूर हो, हर वर्ग परेशान है। समझ नहीं आ रहा कि सरकार कौन चला रहा है.. नौकरशाह सरकार चला रहे हैं, मुख्यमंत्री सरकार चला रहे हैं या दिल्ली से कोई तंत्र है… जो केंद्र से सरकार चला रही है। देखा जाए तो राजस्थान के हालात बेहद चिंताजनक व गंभीर है।’’

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में