शिवमोग्गा (कर्नाटक),18 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में शिकारीपुरा तालुक के शिरालाकोप्पा कस्बे में रविवार को एक बैग में रखे बारुद में विस्फोट होने से लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस जांच में पता चला कि यह विस्फोट एक बैग में रखे बारूद में हुआ जिसका इस्तेमाल आमतौर पर किसान जंगली सूअरों को भगाने में करते हैं।
पुलिस ने कहा कि किसान दंपत्ति रूपा और उमेश बारूद लाए थे और उन्होंने शहर में साप्ताहिक मेले के दौरान इसे एक विक्रेता की दुकान पर रखा था।
शिवमोग्गा के पुलिस अधीक्षक जी.के. मिथुन कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमारी प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गर्मी के कारण बारूद में विस्फोट हुआ। किसान अपने खेतों से जंगली सूअर को भगाने के लिए बारूद का इस्तेमाल करते हैं। हमने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।’’
कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि शहर में केरोसिन स्टोव में विस्फोट हुआ है, लेकिन पुलिस अधिकारी ने इसे निराधार करार दिया।
भाषा शोभना प्रशांत
प्रशांत