बिहार में नकली दवा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली दवाएं जब्त

Ads

बिहार में नकली दवा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली दवाएं जब्त

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 02:43 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 02:43 PM IST

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बिहार में राजधानी पटना के पास नकली दवाएं और नशीले पदार्थ बनाने में शामिल एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई अपराध शाखा थाने में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत दर्ज प्राथमिकी की जांच के दौरान की गई।

पुलिस ने बताया कि यह सफलता बिहार में इसी तरह की दो अवैध दवा इकाइयों का पर्दाफाश होने के कुछ दिनों बाद मिली है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछली गिरफ्तारियों और अरुण नामक आरोपी से पूछताछ से प्राप्त जानकारी के आधार पर, अपराध शाखा की एक टीम ने एक अन्य संदिग्ध बृजेश पर ध्यान केंद्रित किया, जो अवैध विनिर्माण और पुन: पैकेजिंग इकाई का कथित रूप से संचालन कर रहा था।

अधिकारी ने बताया कि अरुण पहले नशीले पदार्थों के अवैध निर्माण और वितरण का काम देख रहा था और एक गुप्त दवा उत्पादन इकाई चला रहा था। उसके खुलासे के आधार पर, स्थानीय औषधि विभाग की टीम ने इकाई पर छापा मारा।

उन्होंने कहा कि इकाई को संचालित करने के लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था और न ही पेशेवर कर्मचारियों को रखा गया था, लिहाज़ा उचित प्रक्रिया के अनुसार कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

टीम ने परिसर से भारी मात्रा में नकली गोलियां, सिरप, मशीनरी और पैकेजिंग सामग्री जब्त की है।

टीम को संदेह है कि ऐसी दवाओं को दोबारा पैक करके फर्जी मेडिकल कंपनियों के नाम से ऊंची कीमतों पर बाजार में बेचा जा रहा था, जिनके इस्तेमाल की मियाद समाप्त हो गई थी और इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।

अधिकारी ने कहा, “इस अभियान के तहत टीम ने अब तक इस व्यापक मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है और 13 किलोग्राम से अधिक ट्रामाडोल पाउडर तथा 500 ग्राम से अधिक अल्प्राज़ोलम सहित अन्य मादक पदार्थ बरामद किए है।”

उन्होंने यह भी कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान मनीषा वैभव

वैभव

ताजा खबर