नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर चलाने में कथित तौर पर शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह नकली कारोबार फ्रेंचाइजी व वितरक आईडी देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करता था। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी की शिकायत की जांच के बाद आरोपी मोहम्मद शिराज (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब शिकायतकर्ता अफजल खान ने आरोप लगाया कि उसे फ्रेंचाइजी और वितरक आईडी दिलाने के बहाने ठगा गया। उन्होंने बताया कि पैसे मिलने के बाद ठगों ने उसके फोन और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने 23 मई को प्राथमिकी दर्ज की। जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया और धन के लेन-देन का पता लगाया, जिससे आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली और उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान शिराज ने कथित तौर पर बताया कि वह और उसका साथी, (जिसकी पहचान राहुल के रूप में हुई है) नोएडा से एक फर्जी कॉल सेंटर का संचालन कर रहे थे। आरोप है कि यह गिरोह सोशल मीडिया मंच पर “जन सहायता केंद्र” फ्रेंचाइजी के विज्ञापन पोस्ट करता था और पीड़ितों को क्यूआर कोड आधारित लेनदेन के माध्यम से पंजीकरण और प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान करने के लिए लुभाता था।
पुलिस ने बताया कि पैसा मिलने के बाद लोगों के नंबर ब्लॉक कर दिए गए और गिरोह के सदस्यों ने आपस में रकम बांट ली। उसने बताया कि अन्य आरोपियों को ढूंढने के प्रयास जारी हैं।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत